हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में बीती रात हुई गंभीर लूट की वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। आरोप है कि नकाबपोश बदमाशों ने खुद को SOG कर्मचारी बताकर मौके पर मौजूद लोगों को डराया-धमकाया और इसके बाद रुपये, सोने की चैन व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। घटना की सूचना के बाद SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वारदात के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 40 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई है। विशेष टीम में एसपी क्राइम, एसपी सिटी हल्द्वानी, सीओ हल्द्वानी, सीओ लालकुआं, विभिन्न थानों के प्रभारी, SOG, ADTF, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
टीम की कमान एसपी सिटी मनोज कत्याल को सौंपी गई है, जबकि क्षेत्राधिकारी अमित सैनी को सह-प्रभारी बनाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए BDS, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को भी लगाया है। टीम द्वारा घटनास्थल की विभिन्न कोणों से बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही घटना से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल CDR, CCTV फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश और तकनीकी जांच में जुटी हैं। SSP नैनीताल ने अधिकारियों को जल्द से जल्द वारदात का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद गोरापड़ाव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।




