- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था हथियार लहराने का वीडियो, तीन युवकों से अवैध हथियार बरामद, डीजे वाहन और बाइक सीज
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के जुलूस के दौरान हथियार लहराकर हुड़दंग करने वालों पर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान डीजे लगे टाटा 407 और एक बाइक को भी सीज किया गया। हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को श्याम टॉकीज तिराहा, आवास विकास के पास एक टाटा 407 में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हथियार लहराते हुए उसके साथ चल रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया। टाटा 407 संख्या UP14ET8138 को विभिन्न धाराओं में सीज कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक जुलूस में शामिल लोगों को मौके से हटने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने पुलिस की बात नहीं मानी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन व्यक्तियों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद 16 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि जुलूस में हथियार लहराने वाले कुछ युवक मोदी मैदान के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने आंचल दूध की दीवार के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी में अभिषेक उर्फ कालू के पास से फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ, जबकि राजीव और हर्ष उर्फ भोला की निशानदेही पर झाड़ियों से दो अवैध कापे बरामद किए गए। तीनों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिली स्प्लेंडर बाइक UK-06-BM-7423 के दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसे भी सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजीव, हर्ष उर्फ भोला, अभिषेक उर्फ कालू, अभय विश्वकर्मा, मो. हसन और सक्षम राजपूत शामिल हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध फुटेज के आधार पर जुलूस में हथियार लहराने वाले बाकी लोगों की पहचान कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में सामने आने वाले अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।












