रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा है। 8 से 14 अगस्त 2026 तक चले विशेष यातायात अभियान में पुलिस, यातायात पुलिस और सीपीयू ने कुल 3,985 कार्रवाई की और 134 वाहनों को सीज किया। अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई तीन सवारी, ओवरस्पीड, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, स्टंट ड्राइविंग और नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में हुई। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान तीन सवारी के 700, ओवरस्पीड के 175, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल के 214, रेश एवं स्टंट ड्राइविंग के 170 और नाबालिगों के वाहन चलाने के 38 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा नशे में वाहन चलाने वाले 17 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई, जबकि यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 2,537 चालान किए गए।
अभियान में सितारगंज क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां 507 कार्रवाई के साथ 17 वाहन सीज किए गए। काशीपुर यातायात पुलिस ने 417, यातायात पुलिस रुद्रपुर ने 413, पंतनगर पुलिस ने 402 और सीपीयू काशीपुर ने 387 कार्रवाई की। काशीपुर कोतवाली में भी 327 मामलों में कार्रवाई करते हुए 24 वाहन सीज किए गए, जो जिले में सर्वाधिक सीज वाहनों में शामिल रहा। पुलिस की कार्रवाई में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, शराब के नशे में ड्राइविंग और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष सख्ती दिखाई गई। कई क्षेत्रों में वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनके वाहन भी सीज किए गए। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने वाहन चालकों से नशे में वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, ओवरस्पीड और स्टंट ड्राइविंग से बचने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।












