- स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन, बोले—जनभागीदारी से उत्तराखंड को बनाएंगे देश का श्रेष्ठ राज्य
देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री सहित मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री धामी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का यह पर्व हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।












