- डाक कांवड़ को लेकर सख्त निगरानी और प्रभावी डायवर्जन के निर्देश
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा–2026 के अंतिम और सबसे संवेदनशील चरण को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरूगेशन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर संपूर्ण सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला कंट्रोल रूम से सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से पूरे शहर की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को डाक कांवड़ के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का भ्रमण किया और सीसीटीवी सर्विलांस के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों तथा कांवड़ पटरी मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक संचालन की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने एडीजी को वर्तमान ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान, राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति, कांवड़ पटरी मार्गों की व्यवस्था तथा अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं की संख्या की जानकारी दी। एडीजी वी. मुरूगेशन ने निर्देश दिए कि डाक कांवड़ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या में होने वाली भारी बढ़ोतरी को देखते हुए ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान को समय रहते पूरी तरह लागू किया जाए। साथ ही विभिन्न पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित कर जाम की स्थिति से हर हाल में बचा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, त्वरित यातायात संचालन तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, यातायात और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।







