- हरिद्वार से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, 16 वर्षीय किशोर घायल, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
देवप्रयाग। पौड़ी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद एक व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर डंपिंग जोन के समीप बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान पता चला कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 16 वर्षीय घायल अरम पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया था। SDRF ने वाहन से पांच शव बरामद किए, जिनकी पहचान अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष), गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष), सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष), अनामिया (3 वर्ष) पुत्री अफजाल और शादाब (14 वर्ष) पुत्र अफजाल के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए SDRF, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से सघन सर्च अभियान चला रही हैं। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।







