- बरेली, लालकुआं और पीलीभीत रूट पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने किया विशेष ट्रेनों का संचालन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
बरेली। बरेली में आयोजित होने वाले उर्स मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने 8 अगस्त 2026 को एक दिन के लिए दो जोड़ी उर्स मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से लालकुआं, बरेली, इज्जतनगर, किच्छा, पंतनगर, पीलीभीत और आसपास के क्षेत्रों से मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार 05319 इज्जतनगर–लालकुआं उर्स मेला स्पेशल ट्रेन 8 अगस्त को इज्जतनगर से शाम 4:05 बजे रवाना होकर भोजीपुरा, अटामांडा, देवरनियां, रिछा रोड हॉल्ट, बहेड़ी, किच्छा और पंतनगर होते हुए शाम 6:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी। वापसी में 05320 लालकुआं–बरेली सिटी उर्स मेला स्पेशल रात 8:30 बजे लालकुआं से रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव के बाद रात 10:40 बजे बरेली सिटी पहुंचेगी।
इसके अलावा 05321 बरेली सिटी–पीलीभीत उर्स मेला स्पेशल ट्रेन बरेली सिटी से शाम 4:05 बजे प्रस्थान कर इज्जतनगर, भोजीपुरा, दिबनापुर हॉल्ट, सेथल, बिजौरिया, शाही और ललौरीखेड़ा हॉल्ट होते हुए शाम 6:00 बजे पीलीभीत पहुंचेगी। वापसी में 05322 पीलीभीत–बरेली सिटी उर्स मेला स्पेशल शाम 7:35 बजे पीलीभीत से रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों से होते हुए रात 9:15 बजे इज्जतनगर पहुंचेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उर्स मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से समय का ध्यान रखते हुए यात्रा की योजना बनाने और सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






