- संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक की गिरफ्तारी को बताया अवैधानिक, निष्पक्ष जांच तक कार्रवाई रोकने की मांग
रुद्रपुर/सितारगंज। तहसील सितारगंज में विजिलेंस द्वारा संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए जाने के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। राजस्व विभाग के कर्मचारी संगठनों ने विजिलेंस की कार्रवाई को अवैधानिक और नियमों के विरुद्ध बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है। कर्मचारियों ने निष्पक्ष संयुक्त जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जांच पूरी होने से पहले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ गिरफ्तारी या अन्य विधिक कार्रवाई जारी रही तो आज 30 जुलाई से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। उत्तराखंड संग्रह अमीन संघ, उत्तराखंड लेखपाल संघ और उत्तराखंड कलैक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ ने जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को भेजे ज्ञापन में कहा है कि तहसील सितारगंज के वसूली कक्ष में संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और सहायक राजस्व लेखाकार भूपेंद्र सिंह राणा राजस्व बकायेदार से सरकारी बकाया राशि की वसूली कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत रसीद जारी कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान विजिलेंस की टीम ने वैधानिक वसूली की धनराशि को रिश्वत बताकर ट्रैप की कार्रवाई कर दी। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि यह कार्रवाई कलेक्शन मैनुअल के प्रावधानों की जानकारी के अभाव में की गई है और इससे राजस्व वसूली में लगे कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न हुआ है। संगठनों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच राजस्व, पुलिस और वित्त विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समिति से कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गिरफ्तारी या अन्य विधिक कार्रवाई न की जाए। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी सतर्कता अधिष्ठान और संबंधित अधिकारियों की होगी।







