देहरादून। राजधानी देहरादून में इंटरनेट के जरिए हुई पहचान एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गई। पटेलनगर क्षेत्र स्थित एक मकान में 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से निर्मम हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से ही आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया/इंटरनेट के माध्यम से हुई थी और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। बुधवार शाम देवऋषि एनक्लेव निवासी मीनाक्षी ने कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना दी कि एक युवक ने उनके भाई के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां मकान के भूतल स्थित कमरे में एक व्यक्ति नग्न अवस्था में मृत मिला। मृतक की गर्दन के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले। पुलिस ने मृतक की पहचान दीपक गुप्ता (48 वर्ष), पुत्र गंगासागर गुप्ता, निवासी देवऋषि एनक्लेव, देहराखास के रूप में की।
घटनास्थल से ही संदिग्ध रोहन प्रजापति (20 वर्ष), निवासी माजरा, पटेलनगर को हिरासत में लिया गया। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(ए) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है और उसकी पहचान मृतक से इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। मृतक के बुलावे पर वह उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद कमरे में रखे चाकू से उसने दीपक गुप्ता पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक का करीब सात-आठ वर्ष पहले अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले थे और वर्ष 2004 से अपने भाई-बहनों के साथ देहरादून में रह रहे थे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।







