हल्द्वानी। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम और प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। सोमवार को कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचापुल क्षेत्र में सड़क किनारे नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से कब्जे हटाए गए। इस दौरान नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के साथ गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानदारों द्वारा सड़क और नाले की ओर बढ़ाई गई झांपों को भी जेसीबी से ध्वस्त किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालों पर अतिक्रमण के कारण बरसात के समय पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने नालियों की व्यापक सफाई कराई और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालान भी किए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस बीच प्रशासन ने जानकारी दी कि लालडांठ से कुसुमखेड़ा तक पूरे क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम और यूयूएसडीए (UUSDA) के अधिकारियों के साथ किया जाएगा। संयुक्त अभियान में यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत देओल सहित नगर निगम एवं प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







