देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश, मौसम विभाग के रेड और ऑरेंज अलर्ट तथा चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। गढ़वाल आयुक्त ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंध किया जाए।
साथ ही मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए यात्रियों तक मौसम और मार्ग की स्थिति से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी समय पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल मौजूदा मौसम और मार्गों की स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है। जैसे ही मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होंगे और परिस्थितियां सामान्य होंगी, चारधाम यात्रा का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।







