हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत नैनीताल जनपद की प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने नागरिकों से मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण की त्रुटियों को निर्धारित अवधि में सुधारने की अपील की है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जनपद नैनीताल की प्रारूप फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद की छह विधानसभा सीटों—लालकुआं, भीमताल, नैनीताल (अ.जा.), हल्द्वानी, कालाढूंगी और रामनगर—के लिए तैयार प्रारूप मतदाता सूची में कुल 6,93,325 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान गणना प्रपत्रों का 90.61 प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया है, जबकि 71,810 मतदाता (9.39 प्रतिशत) ऐसे चिन्हित हुए हैं जिनके प्रपत्र उपलब्ध नहीं हो सके या जिन्हें अनकलेक्टेबल (ASDD) श्रेणी में रखा गया है। इन सभी मामलों का नियमानुसार सत्यापन किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में 1,88,054 संभावित विसंगतियां भी चिन्हित की गई हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी कर जांच एवं सुनवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी और उनके निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। मतदाता यदि अपने नाम, पते, आयु, फोटो या अन्य विवरण में कोई त्रुटि पाते हैं अथवा किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वे फॉर्म-6, फॉर्म-7 अथवा फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराईं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची जनपद के सभी 1068 मतदान स्थलों, संबंधित उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में अवलोकन के लिए उपलब्ध है। साथ ही नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ECI NET मोबाइल ऐप एवं Voter Portal के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।









