- ब्रिटिशकालीन पनचक्की की जमीन खाली कर सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी। वार्ड नंबर 17 के हीरानगर क्षेत्र में सिंचाई विभाग की भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में सोमवार को स्थानीय लोगों ने पार्षद शैलेंद्र दानू के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर वहां सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। पार्षद शैलेंद्र दानू ने आरोप लगाया कि जिस भूमि पर ब्रिटिशकालीन पनचक्की संचालित होती थी, उस पर रातों-रात अतिक्रमण कर भवन खड़ा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन जिलाधिकारी वंदना सिंह ने 1 अगस्त 2025 को इस स्थान पर सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके तबादले के बाद कथित मिलीभगत से अतिक्रमण कर लिया गया।
उन्होंने दावा किया कि पनचक्की के अस्तित्व के फोटो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं तथा स्थानीय लोग भी इसकी पुष्टि करते हैं। प्रदर्शन में शामिल एक स्थानीय महिला ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और फुटपाथों पर कब्जे को आम नागरिकों के लिए खतरा बताया। उन्होंने हाल ही में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई एक महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि अव्यवस्थित अतिक्रमण और सड़क किनारे फैली अव्यवस्था लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि फुटपाथों को खाली कराया जाए और रेहड़ी-पटरी संचालकों को निर्धारित वेंडर जोन में स्थानांतरित किया जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सके।





