रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर पॉक्सो प्रकरण का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले के मुख्य आरोपी विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 7 जुलाई को एक नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से तकनीकी और मैनुअल साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर 9 जुलाई को नामजद आरोपी मनोज कुमार (32 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ौरी, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मामले के मुख्य आरोपी विधि-विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 16 और 17 भी बढ़ाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश और छापेमारी जारी है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति ऊधमसिंह नगर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में शामिल प्रत्येक आरोपी को कानून के दायरे में लाकर उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और समाज में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





