- नशे के खिलाफ अभियान तेज, कई मुकदमों में वांछित आरोपी फिर चढ़े पुलिस के हत्थे
हल्द्वानी/टनकपुर। उत्तराखंड रेलवे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत जीआरपी काठगोदाम और टनकपुर चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब की तस्करी कर रहे दो तस्करो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 110 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड रेलवे के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी काठगोदाम के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 13 मई 2026 को टनकपुर क्षेत्र में छापेमारी कर निहाल सैनी निवासी राजीव नगर खटीमा और दिनेश गंगवार निवासी खेतलसड़ा खान, खटीमा को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त निहाल सैनी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम समेत मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी दिनेश गंगवार पर भी गंभीर आपराधिक मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।







