कोलंबो। टी-20 विश्वकप के 27वें मुकाबले में भारत ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त देकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। इशान किशन की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने यह मुकाबला 12 गेंद शेष रहते जीत लिया और विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। भारत की जीत के हीरो रहे इशान किशन, जिन्हें 77 रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने भी अहम योगदान दिया, जिससे भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती झटकों से टीम उबर नहीं सकी।
हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह की तेज जोड़ी ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान दबाव में आ गया और पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार 16 मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया के 15 जीत के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम टिक नहीं सकी। भारत की यह जीत न केवल टूर्नामेंट में उसकी दावेदारी को मजबूत करती है बल्कि चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर दबदबा भी कायम रखती है। शानदार लय में चल रही भारतीय टीम अब सुपर-8 में इसी आत्मविश्वास के साथ उतरने को तैयार है।









