- जनता की गाढ़ी कमाई हड़पकर फरार दो मुख्य ठग गिरफ्तार, 6.80 करोड़ के घोटाले का पर्दाफाश
नैनीताल। अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर भोले-भाले नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर एक वर्ष से अधिक समय से लंबित इस गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जनता की मेहनत की कमाई हड़पकर फरार चल रहे दो मुख्य ठगों को गिरफ्तार कर 6 करोड़ 80 लाख रुपये के गबन का पर्दाफाश किया है। प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23 धारा 409 आईपीसी के तहत दर्ज मामले की गहन विवेचना की गई। जांच में सामने आया कि ठगों द्वारा वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था खोलकर हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र तथा रामनगर में शाखाएं संचालित की गईं। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर और अधिक लाभ व सुरक्षित निवेश का भरोसा दिलाकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के हजारों लोगों से भारी धनराशि निवेश कराई गई। बाद में संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों से जुटाई गई लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये की रकम का गबन कर लिया और फरार हो गए।
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि दोनों शाखाएं बंद हो चुकी थीं और ठगों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन हुए हैं। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार 4 फरवरी को पुलिस ने दोनों मुख्य ठगों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ठगों में 45 वर्षीय हेमचंद पंत निवासी हरिपुर नायक कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी तथा 41 वर्षीय विकास दुर्गापाल निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी शामिल हैं। जांच में ठगों के खातों में क्रमशः 2 करोड़ 26 लाख और 1 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि प्राप्त होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार ठगों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और गिरोह में और लोगों की संलिप्तता की संभावना है, जिनकी तलाश जारी है। इस पूरे खुलासे के बाद एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक लाभ के लालच में आकर किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, पंजीकरण और प्रामाणिकता की पूरी जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा ₹2500 का नकद इनाम देने की घोषणा भी की गई है।






