हल्द्वानी। शहर के मोतीनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जीआरपी काठगोदाम के कोतवाल कमल करंगा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात करीब 11:20 बजे पोल संख्या 75/15 के पास युवक सौरभ बजेठा पुत्र खान सिंह बजेठा, निवासी हाथीखाल, मोतीनगर, थाना कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल, उम्र 25 वर्ष, देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। जीआरपी के अनुसार घटना सिविल क्षेत्र में होने के कारण मामले की अग्रिम कार्रवाई थाना कोतवाली हल्द्वानी पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





