- स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के साथ कई खिलाड़ियों ने जीती व्यक्तिगत चैंपियनशिप
- पैरा स्विमर मनप्रीत कौर ने भी हासिल किया स्वर्ण
भीमताल। नल-दमयंती, भीमताल में आयोजित तैराकी प्रतियोगिता में तरणताल गौलापार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में पदकों की झड़ी लगा दी। खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने के साथ कई व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया। बालक वर्ग में विहान सिंह सिरोला, भविष्य क्वोरा, प्रभात सिंह धपोला और प्रयेना पुनेठा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन स्वर्ण पदक हासिल किए और व्यक्तिगत चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। कौस्तुभ भट्ट ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए, जबकि कुणाल बिष्ट ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बालिका वर्ग में भी तरणताल गौलापार के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। वेदिका नेगी और कुमकुम धपोला ने तीन-तीन स्वर्ण पदक जीतकर व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की।
वहीं नव्या सिरोला और आश्रित गोस्वामी ने दो-दो स्वर्ण एवं एक-एक रजत पदक जीतकर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में पैरा स्विमर मनप्रीत कौर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी उपलब्धि ने प्रतियोगिता में तरणताल गौलापार के प्रदर्शन को और खास बना दिया।खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर अभिभावकों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और नियमित प्रशिक्षण को दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आने वाली प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विजेता खिलाड़ियों को उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय की उपकुलपति रसिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. निर्मला पंत सहित प्रशिक्षकों पूनम सिरोला, महेंद्र बोरा, दीपहर्ष नेगी, प्रेमा नयाल, तरुण टाकुली, भारत चंद, किशन बोरा, पंकज कुमार, सूरज गोलदार और बाबूलाल सहित पूरी टीम ने बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी उत्साह और मेहनत के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।




