- BLO की पहचान करें, अज्ञात व्यक्ति दिखे तो तुरंत रोकें और पुलिस को दें सूचना
हल्द्वानी। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच नैनीताल पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के संज्ञान में यह मामला आया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) जहां मतदाता सत्यापन के लिए घर-घर नोटिस वितरित कर रहे हैं, वहीं कुछ अज्ञात और संदिग्ध लोग भी SIR के नाम पर लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने जनता से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत केवल BLO और संबंधित अधिकारी ही SIR सत्यापन अभियान के तहत घर-घर जाकर नोटिस वितरण और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
यदि कोई अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति स्वयं को SIR अभियान से जुड़ा बताकर घर में प्रवेश करने या जानकारी लेने का प्रयास करता है तो उसकी पहचान अवश्य सुनिश्चित करें। यदि उसके व्यवहार या पहचान पर संदेह हो तो उसे वहीं रोकें और बिना देर किए स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर सूचना दें। नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना पहचान सत्यापित किए अपने निजी दस्तावेज, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध न कराएं। पुलिस का कहना है कि आमजन की सतर्कता ही किसी भी संभावित धोखाधड़ी या आपराधिक गतिविधि को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर उनकी जांच की जाएगी, ताकि SIR अभियान की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।







