- जिला पंचायत मार्ग पर कई दिनों से अराजक तत्वों का आतंक, स्थानीय निवासी, पुलिसकर्मी भी हुए घायल, एसएसपी को तत्काल जांच के आदेश
नैनीताल। नैनीताल के तल्लीताल स्थित जिला पंचायत मार्ग पर लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। मामले की शिकायत कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत तक पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। आयुक्त ने घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिवाजी कॉटेज कम्पाउंड, तल्लीताल निवासी राजेश चन्दोला ने आयुक्त को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पिछले आठ से दस दिनों से प्रतिदिन शाम करीब सात बजे कुछ शरारती एवं अराजक तत्व जिला पंचायत मार्ग पर स्थित भवनों पर पत्थरबाजी कर रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग शाम के समय घरों से निकलने में भी असहज महसूस कर रहे हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पत्थरबाजी की घटनाओं में स्थानीय निवासी सुधीर भट्ट घायल हुए हैं। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने पहुंचे दो पुलिसकर्मी भी पत्थरों की चपेट में आकर घायल हुए हैं, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। मामले का संज्ञान लेते हुए कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन परीक्षण किया जाए। साथ ही आधुनिक तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जाए और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। प्रशासन के इस निर्देश के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अराजक तत्वों की जल्द पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके।







