हल्द्वानी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम और प्रशासन ने सोमवार को संयुक्त अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर बुलडोजर कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में वर्कशॉप लाइन, तिकोनिया से लेकर ठंडी सड़क तक चले अभियान में फुटपाथों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कई ठेलों को जब्त किया गया, जबकि अतिक्रमण करने वालों पर चालान काटकर जुर्माना भी लगाया गया। अभियान के दौरान वर्कशॉप लाइन क्षेत्र में फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को नगर निगम की टीम ने कब्जे में लिया।
वहीं गुप्ता छोले-भटूरे और उसके समीप स्थित एक भोजनालय द्वारा नाली पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से हटाकर बंद नाली को खुलवाया गया। ठंडी सड़क स्थित एक होलसेल मोबाइल प्रतिष्ठान द्वारा फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को भी जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने व्यापारियों और आम लोगों से फुटपाथों तथा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा न करने की अपील की है।






