- भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड में, 24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा प्रबंधन तंत्र, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के कड़े निर्देश
नैनीताल। मानसून के सक्रिय होते ही नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर आ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा लगातार भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि आपदा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि मानसून अवधि के दौरान कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। सभी विभागाध्यक्ष, नोडल अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर पूरी सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन और अन्य संपर्क माध्यम 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी प्रकार की आपदा या आपदा संबंधी सूचना मिलते ही तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचित करने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि मानसून के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा जारी निर्देशों की अवहेलना या लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से तुरंत संपर्क करें।





