देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून के पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने के साथ राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को पूरी तरह तैयार रखने को कहा है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है। वहीं 2 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा जाए। किसी भी स्थान पर सड़क बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग खोलने का काम सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े नोडल अधिकारियों और आईआरएस प्रणाली के अधिकारियों को सक्रिय रहने तथा अपने संचार माध्यम लगातार चालू रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए ट्रैकिंग गतिविधियों पर आवश्यक निर्णय लेने, स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्रों में नालियों और कल्वर्ट की सफाई कराने तथा आवश्यक खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है। जिला सूचना अधिकारियों के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि आमजन समय रहते सतर्क रह सकें। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।







