नैनीताल। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर के विकास कार्यों को लेकर महापौर गजराज बिष्ट ने सोमवार को नैनीताल स्थित लोकभवन में महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान नगर विकास, स्वच्छता व्यवस्था और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर राज्यपाल से मार्गदर्शन एवं बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किए गए। महापौर गजराज बिष्ट ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से महामहिम को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से नगर में विकास की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। महापौर ने राज्यपाल को प्रस्तावित मां गार्गी घाट प्रोजेक्ट की जानकारी भी दी और उन्हें इस परियोजना से जुड़ी सांध्य आरती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मां गार्गी घाट प्रोजेक्ट नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गजराज बिष्ट ने बताया कि राज्यपाल से प्राप्त मार्गदर्शन नगर के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने में नई दिशा प्रदान करेगा।






