- 31 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी-निजी स्कूलों में अवकाश
- आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद, ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रशासन ने लिया फैसला
हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच नैनीताल और देहरादून जिलों में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए 31 अगस्त 2026, सोमवार को दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। नैनीताल के जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अवकाश घोषित किया है। जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि नैनीताल शहर में ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह देहरादून में भी 31 अगस्त को सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश और संभावित भूस्खलन, जलभराव तथा नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले घंटों में अन्य जिलों में भी प्रशासनिक स्तर पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाने की संभावना है।




