हल्द्वानी। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (UG) 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर हल्द्वानी में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए जनपद को 2 जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां अधिकारियों की तैनाती कर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और बायोमैट्रिक उपस्थिति के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की व्यवस्था और आसपास यातायात प्रबंधन को बेहतर रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में परीक्षा नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि नीट परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों को सेक्टर बनाया गया है। इन केंद्रों पर कुल 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।





