संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में घर वापसी, लालकुआं विधानसभा से 2027 चुनाव की दावेदारी को मिल सकती है मजबूती

  • 26 नवंबर को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर दोबारा ली पार्टी की सदस्यता
  • फेसबुक पोस्ट के जरिए जताया पार्टी नेतृत्व का आभार

हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लालकुआं की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने कांग्रेस पार्टी में दोबारा वापसी कर ली है। उन्होंने 26 नवंबर को देहरादून स्थित उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। संध्या ने खुद फेसबुक पर पोस्ट साझा कर कांग्रेस में वापसी की जानकारी दी और इसे विचारधारा से जुड़ा फैसला बताया। अपने संदेश में संध्या डालाकोटी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उस विचारधारा का प्रतिनिधित्व करती है, जो सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। इसी परिवार और विचारधारा से दोबारा जुड़कर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के स्नेह एवं सम्मान से उनका मनोबल बढ़ा है।

संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में घर वापसी, लालकुआं विधानसभा से 2027 चुनाव की दावेदारी को मिल सकती है मजबूती

संध्या डालाकोटी ने कांग्रेस महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, प्रकाश जोशी, प्रदेश महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित पार्टी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लालकुआं की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों ने हर मोड़ पर उन्हें प्यार और भरोसा दिया है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता की आवाज बनकर काम करने का संकल्प भी जताया। संध्या ने कहा कि जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं के समर्पण के साथ उत्तराखंड को शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का राज्य बनाना उनका लक्ष्य है। संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में वापसी को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी सक्रियता और पार्टी में भूमिका पर राजनीतिक नजरें रहेंगी। हालांकि, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट किसे मिलेगा, इस पर अभी पार्टी की ओर से कोई निर्णय सामने नहीं आया है।

Advertisement

Read more

Local News