IIT रुड़की के भवन में 20 वर्षीय छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला

  • देर रात सुरक्षा अधिकारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गार्डों की मदद से खुलवाया कमरे का दरवाजा
  •   फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य, गाजियाबाद निवासी था छात्र

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के गोविंद भवन में एक 20 वर्षीय छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी भगवानपुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की को सूचना दी कि गोविंद भवन में एक छात्र ने फांसी लगा ली है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर बीएस-10 में पहुंची, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की सहायता से उसे खुलवाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

IIT रुड़की के भवन में 20 वर्षीय छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला

कमरे के अंदर एक छात्र चादर के फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान आयुष रजौरिया पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी 410 बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। मौके पर मौजूद आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया और मृत्यु लगभग पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने छात्र के लैपटॉप को पासवर्ड के माध्यम से खोलकर आवश्यक निरीक्षण की कार्रवाई भी की। वहीं, साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। छात्र की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

Advertisement

Read more

Local News