- रानीबाग में सीपीयू जवानों को मिला सैमसंग मोबाइल
- हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने खोजबीन कर लौटाया आईफोन 16 प्रो मैक्स
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए दो लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे। पुलिसकर्मियों ने न केवल ड्यूटी के दौरान सड़क पर मिले मोबाइल को उसके मालिक तक पहुंचाया, बल्कि बाजार में गुम हुए महंगे आईफोन को भी तलाश कर सुरक्षित सुपुर्द किया। पुलिस की इस पहल की सराहना की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को रानीबाग क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक जगत सिंह भंडारी और हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह को सड़क पर एक सैमसंग मोबाइल फोन पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल के स्वामी की जानकारी जुटाई और मोहम्मद अबूजर पुत्र जाहिर हसन निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को मौके पर बुलाकर उनका मोबाइल फोन सकुशल वापस सौंप दिया।

वहीं, हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए बाजार में खोया एप्पल आईफोन 16 प्रो मैक्स बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया। सुनार गली, मुखानी निवासी अमित गुप्ता पुत्र स्वर्गीय हरि शंकर गुप्ता का मोबाइल कहीं गिर गया था। पुलिस ने खोजबीन और आवश्यक प्रयासों के बाद मोबाइल बरामद कर अमित गुप्ता को सुपुर्द कर दिया। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क, सार्वजनिक स्थान या अन्य किसी जगह पर मोबाइल फोन अथवा कोई कीमती वस्तु मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने या चौकी में जमा कराएं, ताकि संबंधित व्यक्ति तक उसकी वस्तु सुरक्षित पहुंचाई जा सके।









