नानकमत्ता में गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

  • सतनाम सिंह हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का पुलिस का दावा
  • एक आरोपी से तमंचा और कारतूस बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में घर पर पथराव और फायरिंग कर 35 वर्षीय सतनाम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28) और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23), निवासी ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को सोनू सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उनके घर पर पथराव और फायरिंग की, जिसमें उनके भाई सतनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई।

नानकमत्ता में गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरागरसी करते हुए 19 अक्टूबर को मटिहा बॉर्डर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस, खटीमा और सितारगंज के पुलिसकर्मियों के साथ एसओजी टीम भी शामिल रही।

Read more

Local News