- चकराता से भाजपा प्रत्याशी रहे और गायक जुबिन नौटियाल के पिता ने दिल्ली में ली कांग्रेस की सदस्यता
- कुमारी शैलजा और गणेश गोदियाल रहे मौजूद
नई दिल्ली। उत्तराखंड की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत देहरादून के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और चकराता विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रहे रामशरण नौटियाल ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल कराया गया। इस दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सप्पल मौजूद रहे।

कुमारी शैलजा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए रामशरण नौटियाल का कांग्रेस परिवार में पुनः स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि रामशरण नौटियाल पार्टी के पुराने साथी हैं और उनके दोबारा कांग्रेस में शामिल होने से उन्हें खुशी है। शैलजा के मुताबिक, रामशरण नौटियाल भाजपा के माहौल और कार्यशैली से असंतुष्ट थे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व तथा पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस में लौटने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस नेताओं ने रामशरण नौटियाल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सहयोग से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उनके कांग्रेस में लौटने को उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
