गड्ढामुक्त होंगी हल्द्वानी की मुख्य सड़कें, नगर निगम में अधिकारियों की समीक्षा बैठक

  • मौसम की मार और बिटुमिन की कमी से प्रभावित हुआ काम
  • सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने प्राथमिकता के आधार पर सड़कें दुरुस्त करने के दिए निर्देश

हल्द्वानी। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाने के लिए नगर निगम के मीटिंग हॉल में विभिन्न कार्यदायी विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, मुख्य मार्गों, आंतरिक सड़कों और गलियों में पैचवर्क की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़कों की प्राथमिकता तय कर मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक शहर की सभी मुख्य सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया था। मौसम और बिटुमिन की उपलब्धता में आई बाधाओं के कारण प्रभावित हुए कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि नगर क्षेत्र की सड़कों के पैचवर्क को लेकर शासन स्तर से समयसीमा निर्धारित की गई थी और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को समय पर काम पूरा करने के निर्देश भी दिए गए थे। हालांकि, हाल के दिनों में मानसून की सक्रियता और पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई बारिश से सड़क मरम्मत के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं मिल पाईं। इसके अलावा बिटुमिन की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से भी कुछ स्थानों पर काम प्रभावित हुआ है। बैठक में समीक्षा की गई कि अब प्राथमिकता के आधार पर किन सड़कों की मरम्मत पहले कराई जाए और शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में कैसे पूरा किया जाए।

बैठक में एडीबी, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि जहां पेयजल या सीवर लाइन में लीकेज की समस्या है, वहां सड़क पर बिटुमिन डालने से पहले संबंधित विभाग समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि मरम्मत के बाद दोबारा सड़क खोदने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति न बने। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि हल्द्वानी सहित नैनीताल जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए काम चल रहा है। शहर में लोक निर्माण विभाग, यूयूएसडीए, नगर निगम और जल निगम सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। प्रतिकूल मौसम के कारण कुछ सड़कों का काम अधूरा रह गया था, जिसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्य करें और सड़कों पर गड्ढे न बने रहें, इसके लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त के मुताबिक, यूयूएसडीए की ओर से सीवर लाइन और पेयजल लाइन से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर इन कार्यों के कारण सड़क मरम्मत प्रभावित हुई, जबकि बिटुमिन की उपलब्धता में आई कमी से भी काम में देरी हुई। अब संबंधित कार्य दोबारा गति पकड़ रहे हैं और कई स्थानों पर रात के समय भी मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मौसम अनुकूल रहने पर शेष कार्य जल्द पूरे कर लिए जाएंगे।

Read more

Local News