विधायक सुमित हृदयेश ने जताई जान का खतरा, बोले—मेरे और परिवार के फोन टैप हो रहे

  • हल्द्वानी के कांग्रेस विधायक ने गैंग के जरिए निगरानी और AI से फर्जी ऑडियो-वीडियो वायरल करने की जताई आशंका
  • गैरसैंण सत्र में आत्मदाह की चेतावनी
  • मुख्यमंत्री और पुलिस से शिकायत करने का दावा

हल्द्वानी। हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं जताते हुए प्रदेश में सक्रिय एक कथित गैंग पर फोन टैपिंग और निगरानी कराने के आरोप लगाए हैं।भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उनके परिवार के फोन टैप किए जा रहे हैं और उनकी गाड़ी का कभी भी एक्सीडेंट कराया जा सकता है। विधायक ने यह भी आशंका जताई कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से उनकी फर्जी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो तैयार कर वायरल किए जा सकते हैं। उन्होंने मामले में न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी कि सुनवाई नहीं हुई तो वह गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक बड़ा गैंग सक्रिय है, जो नेताओं के फोन टैप करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार के सदस्यों के फोन भी निगरानी के दायरे में हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी छवि खराब करने के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल कर फर्जी ऑडियो और वीडियो प्रसारित किए जा सकते हैं।

विधायक सुमित हृदयेश ने जताई जान का खतरा, बोले—मेरे और परिवार के फोन टैप हो रहे

सुमित हृदयेश ने कहा कि उन्होंने इस मामले को पहले भी उठाया था। उनके मुताबिक, अप्रैल 2025 में उन्होंने तत्कालीन एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी और मुख्यमंत्री के समक्ष भी अपनी शिकायत रखी थी। विधायक ने आरोप लगाया कि इस कथित नेटवर्क में निजी क्षेत्र से जुड़े कुछ लोग और प्रभावशाली व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। भावुक होकर विधायक ने कहा कि उन्हें और उनके बच्चों को नुकसान पहुंचाए जाने का डर है। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आगामी गैरसैंण विधानसभा सत्र में आत्मदाह करने जैसा कदम उठा सकते हैं। इस दौरान रामनगर के संजय नेगी और बाजपुर के सोनू शर्मा भी उनके साथ मौजूद बताए गए। सुमित हृदयेश ने कहा कि यदि संजय नेगी और सोनू शर्मा को कांग्रेस में शामिल करा दिया जाए तो वह विधायक पद छोड़ने को तैयार हैं। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में भी चर्चा को हवा दे दी है।

Read more

Local News