पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, छह गिरफ्तार

  • बहेड़ी से झूलाघाट तक नशे के नेटवर्क का खुलासा
  • व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर अल्मोड़ा
  • नैनीताल व पिथौरागढ़ में कार्रवाई

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बहेड़ी से लेकर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ के झूलाघाट तक फैले कथित ड्रग नेटवर्क की जांच करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ, उसके मोबाइल की व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल से मिली जानकारी के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को पुलभट्टा पुलिस ने बहेड़ी-ऊधम सिंह नगर सीमा पर सद्दाम हुसैन को स्विफ्ट डिजायर कार समेत पकड़ा था। तलाशी में उसके पास से 150 प्रतिबंधित बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये बरामद हुए। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक सद्दाम बहेड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में भी नशा तस्करी के मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, छह गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि सद्दाम से पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल में नशे की सप्लाई से संबंधित कथित व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल मिलीं। इसके आधार पर नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में टीमें भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा के अक्षय, पीयूष और यशोदा टम्टा, हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी सौरभ, पिथौरागढ़ के भूपेंद्र सिंह मेहता और झूलाघाट निवासी रवि थापा शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन लाकर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करने की जानकारी दी है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज रहे हैं। मामले में सामने आए कथित ड्रग नेटवर्क की अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या सप्लाई से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Read more

Local News