- मुस्लिम समुदाय के प्रति कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के कथित बयानों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मुस्लिम समुदाय के प्रति कथित आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता उवेस राजा ने प्रधानमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विधायक शिव अरोड़ा द्वारा सार्वजनिक रूप से मुस्लिम समुदाय के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का बार-बार प्रयोग किया गया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में विशेष रूप से कथित रूप से इस्तेमाल किए गए “कठमुल्ले” शब्द का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा किसी समुदाय के प्रति ऐसी भाषा का इस्तेमाल सामाजिक सौहार्द की भावना के अनुरूप नहीं है।
उवेस राजा ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि पूरे प्रकरण का निष्पक्ष संज्ञान लेते हुए संबंधित वीडियो और बयानों की जांच कराई जाए। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो प्रचलित कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी समुदाय के खिलाफ अपमानजनक अथवा भड़काऊ भाषा के इस्तेमाल को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि भारत की लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था में सभी नागरिकों और समुदायों को समान सम्मान प्राप्त है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों के बयानों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। शिकायतकर्ता ने कहा कि किसी समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान सामाजिक भाईचारे और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। शिव अरोड़ा के कथित बयान को लेकर रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही राजनीतिक एवं सामाजिक विरोध देखने को मिल रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाने के बाद यह विवाद और तूल पकड़ सकता है। अब मामले में प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।




