- पनीर, पेड़ा, रसगुल्ला समेत पेय पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
- गंदगी मिलने पर प्रतिष्ठान को नोटिस, विभाग की सख्त चेतावनी—मिलावट मिली तो होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिलाधिकारी नैनीताल और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर हल्द्वानी और कालाढूंगी में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा, रसगुल्ला और विभिन्न पेय पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। खाद्य विभाग की कार्रवाई से मिठाई और खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार लिए। इन सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं कालाढूंगी बाजार में आधा दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। यहां खुले पनीर के अलावा एक कार्बोनेटेड कैफीनयुक्त बेवरेज और एक अन्य कार्बोनेटेड बेवरेज के कुल तीन नमूने प्रयोगशाला स्तर पर गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के साथ गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। प्रतिष्ठान संचालकों को नियमित साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, ग्राहकों को बिल देने तथा प्रतिष्ठान पर FSSAI लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। खराब अथवा एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। खाद्य विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि जहां कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो, तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नमूने फेल होने या किसी अन्य गंभीर अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




