- भाजपा पदाधिकारियों ने ADM को सौंपा ज्ञापन, SIR प्रक्रिया में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और भाजपा के BLA-2 को कथित रूप से धमकाने तथा SIR प्रक्रिया में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी विवेक राय को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना है कि जिले में SIR की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत चल रही है और इसमें सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बूथ स्तर पर सहयोग कर रहे हैं।
आरोप है कि कुछ स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर असामाजिक तत्वों को साथ लेकर बूथों पर पहुंच रहे हैं और BLO तथा भाजपा के BLA-2 पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। भाजपा जिला महामंत्री रंजन बरगली और पूर्व मेयर जोगिंदर रौतेला सहित पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं निर्बाध SIR प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें किसी भी प्रकार का दबाव या व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।




