देहरादून। रक्षाबंधन पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी राहत दी है। राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर परिवहन निगम को आवश्यक तैयारियां और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए विभिन्न शहरों और गांवों तक यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिलाओं को दो दिनों तक रोडवेज बसों में यात्रा के लिए किसी प्रकार का किराया नहीं देना होगा। माना जा रहा है कि इस पहल से पर्व के दौरान महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनका आवागमन भी अधिक सुगम होगा।
उत्तराखंड शासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 28 एवं 29 अगस्त को प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में महिलाओं को शत-प्रतिशत किराया छूट दी जाएगी। इस सुविधा के चलते परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने शासनादेश के माध्यम से परिवहन निगम को इसके अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। धामी सरकार का यह कदम महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश की महिलाओं को दो दिनों तक मुफ्त रोडवेज यात्रा की सुविधा मिलने से रक्षाबंधन पर अपने मायके पहुंचने वाली बहनों को बड़ी राहत मिलेगी।





