हल्द्वानी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नामों पर कथित तौर पर फर्जी तरीके से आपत्ति लगाए जाने और संबंधित मामलों में प्रशासन की ओर से कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए समाजसेवी उवैस राजा ने गुरुवार को अपने साथियों के साथ हल्द्वानी तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से कथित फर्जी आपत्तियां लगाने वाले लोगों की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा आपत्ति संबंधी नोटिस समय पर उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उवैस राजा का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान कई लोगों के नामों पर ऐसे व्यक्तियों द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जिनकी भूमिका संदिग्ध है।
उनका कहना है कि आपत्ति लगाए जाने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस की जानकारी और उसे प्राप्त करने की प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। इससे प्रभावित मतदाताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। धरना-प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन लोगों के नाम पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं, उन्हें आपत्ति संबंधी नोटिस की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए और कथित फर्जी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर सकती है।





