- प्रेमनगर के बिधोली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो वाहन सवारों में हुआ विवाद
- सड़क पर बाधित हुआ यातायात, पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया
देहरादून। VVIP कार्यक्रम के मद्देनजर प्रेमनगर क्षेत्र में चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान बिधोली में दो वाहन सवारों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और सड़क पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस के समझाने के दौरान एक युवक द्वारा पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया और सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रेमनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिधोली क्षेत्र में वाहन संख्या HR06BE-5319 में सवार मनीष जैन, निवासी पानीपत, हरियाणा, बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए मिला। इसी दौरान वाहन संख्या UK07FJ-9546 पर सवार अमृतम अंशुमल, निवासी पटना, बिहार, जो स्वयं भी बिना हेलमेट था, के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान अमृतम अंशुमल, जिसने खुद को एलएलएम का छात्र बताया, ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। स्थिति बिगड़ने और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन व्यक्तियों को धारा 170/126/135 BNSS के तहत हिरासत में लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद सभी को सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा की जा रही है। जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस खंडन के बाद मामले को लेकर सामने आ रही अलग-अलग सूचनाओं की स्थिति भी स्पष्ट हो गई है।





