- वर्षों से न्याय की आस लगाए बैठी भगवती देवी को मिला हक, जमीन का कब्जा दिलाकर प्रशासन ने लौटाई पैतृक संपत्ति
हल्द्वानी। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से भू-माफियाओं के कब्जे से एक पीड़ित महिला की करीब 25 नाली पैतृक भूमि मुक्त कराई गई। वर्षों से अपनी जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष कर रही विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी को आखिरकार प्रशासन ने न्याय दिलाते हुए उनकी भूमि का कब्जा सौंप दिया। इस कार्रवाई के बाद पीड़िता ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम की पैतृक भूमि पर लंबे समय से भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। कई स्तरों पर गुहार लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के समक्ष रखी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त राजस्व टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया और उसका वैधानिक कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन को समयबद्ध और प्रभावी न्याय मिल सके। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप है और पीड़ित लोगों में न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।







