- मंगल पड़ाव स्थित बैंक शाखा में शाम को लगी आग, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू, एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हल्द्वानी। शहर के व्यस्त मंगल पड़ाव क्षेत्र स्थित नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा में बुधवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जानकारी के अनुसार लक्ष्मी सिनेप्लेक्स में स्थित नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक की मंगल पड़ाव शाखा में बुधवार शाम करीब छह बजे अचानक आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और तेजी से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। घटना की सूचना पर एसपी सिटी मनोज कत्याल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आग लगने से बैंक के कई जरूरी अभिलेखों के जलने की सूचना है। हालांकि समय रहते आग बुझा लिए जाने से आग को पूरे बैंक परिसर में फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।






