- चायखान के पास हुआ हादसा, राहत-बचाव के बाद घायलों का निजी अस्पताल में उपचार जारी
हल्द्वानी। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान के पास उस समय हुआ, जब बेगनिया गांव की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई में गिरी कार से सभी लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से हल्द्वानी लाया गया। घायलों को लेकर हेलीकॉप्टर एफटीआई हेलीपैड पर पहुंचा, जहां तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडेय और सुशीला तिवारी अस्पताल की मेडिकल टीम पहले से मौजूद रही। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







