नैनीताल। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पूरे जिले में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, हुड़दंग मचाने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और मर्यादा के साथ मनाया जाए। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्व के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। जबरन रंग लगाने, मारपीट या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों की निगरानी भी तेज कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने दो टूक कहा है कि होली के उल्लास में कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।













