- विपक्षी को फंसाने के लिए 30 लाख की सुपारी का झूठा ड्रामा बेनकाब
हरिद्वार। बहादराबाद पुलिस ने एक ऐसा मामला उजागर किया है जिसने सभी को चौंका दिया, यहां एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने अपने ही विरोधी को फंसाने के लिए अपनी ही हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस की गहन जांच में सामने आया कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर पुत्र ताहिर निवासी घोड़ेवाला ने जमीनी विवाद में विपक्षी पर दबाव बनाने के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी देने की मनगढ़ंत कहानी तैयार की थी। जाकिर ने थाना बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी जावेद पुत्र याकूब और उसके साथियों ने उसकी हत्या करवाने की सुपारी दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में सामने आया कि जाकिर ने अपने तीन सहयोगियों आजम, उस्मान और सोहेल को ₹50,000 का लालच देकर अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से अपनी कार पर फायरिंग करने की योजना बनाई थी, ताकि विपक्षी को झूठा फंसाया जा सके।
पुलिस पूछताछ में सच्चाई सामने आने पर सभी आरोपी थाने में ही आपस में भिड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर सहित छह लोगों को हिरासत में ले लिया। जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसका नवीनीकरण समाप्त हो चुका था, उसके भतीजे खालिक के कब्जे से बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 21/30 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि झूठे आरोपों और साजिशों के माध्यम से किसी निर्दोष को फंसाने का प्रयास गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जाकिर के पिस्टल लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट संबंधित प्राधिकारी को भेजी जा रही है।






