मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी

  • रंगदारी में मांगे दो करोड़ रुपये, पांच दिन में रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

हल्द्वानी। देश के मशहूर यूट्यूबर और हल्द्वानी निवासी सौरव जोशी को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी भरा पत्र मिला है। गैंग ने पत्र के माध्यम से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है और रकम न देने की स्थिति में सौरव और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। सौरव ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सौरव जोशी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्हें यह धमकी भरा पत्र उनके घर पर प्राप्त हुआ। पत्र में गैंग के सदस्य ने खुद को करन बिश्नोई बताया और लिखा कि यह आदेश गैंग के प्रमुख लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से दिया गया है। पत्र में कहा गया, “हम आपको पांच दिन का समय दे रहे हैं। यदि आपने रकम नहीं दी या पुलिस को खबर दी, तो आपके परिवार के सदस्यों को एक-एक कर मार दिया जाएगा।”

पत्र में धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम आईडी (karanbishnoi5672) का उल्लेख किया, जिसे गैंग ऑपरेट करता है। पत्र के अंत में “जय महाकाल” लिखते हुए धमकी को और गंभीर बनाया गया। सौरव की तहरीर पर पुलिस ने कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।  सौरव ने कहा कि वह और उनका परिवार इस धमकी के बाद डरे हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। इस धमकी भरे पत्र के मिलने से सौरव जोशी के प्रशंसकों और हल्द्वानी के नागरिकों में चिंता का माहौल है। पुलिस इस मामले को चुनौती के रूप में लेकर जल्द कार्रवाई की बात कह रही है।

Read more

Local News