हरिद्वार। शहर में फुटपाथ से दो साल की मासूम बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई ने बड़ा राहत भरा परिणाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की सीधी निगरानी में पुलिस टीमों ने महज चार घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार बीती रात तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से एक दो वर्षीय बच्ची के चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल प्रभाव से गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। एसएसपी के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस, एएचटीयू और सीआईयू की संयुक्त टीमें गठित कर शहर के संवेदनशील स्थानों, बॉर्डर, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी किया गया।

मैन्युअल पुलिसिंग के साथ डिजिटल साक्ष्यों का सहारा लेते हुए पुलिस ने लगातार तलाश जारी रखी। पुलिस की बढ़ती सक्रियता और दबाव के चलते कथित अपहरणकर्ता बच्ची को ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अपहरणकर्ता की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषी को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।







