कालाढूंगी। क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार 14 फरवरी की रात डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि बैलपोखरा तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वीडियोग्राफी की तथा खोखे बरामद किए। बाद में पीड़िता बलजीत कौर की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी करते हुए 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों को मौके पर बुलाया गया था, जहां गाली-गलौज और मारपीट के बाद फायरिंग की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। बरामदगी में गुरप्रीत से देशी पिस्टल और कारतूस, रंजीत से पिस्टल व कारतूस और मनदीप से .22 बोर तमंचा बरामद हुआ है। साथ ही घटनास्थल से कई खोखे भी मिले हैं। घटना के सफल अनावरण पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया और कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







