हल्द्वानी। वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए हल्द्वानी न्यायालय परिसर में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हाई लेवल एक्शन लेते हुए संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा प्रणाली का गहन ऑडिट करते हुए व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। निरीक्षण में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल डॉ मंजुनाथ टीसी, अपर जिला जज सुजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, एडीएम विवेक राय तथा एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मैनपॉवर, सुरक्षा उपकरणों और आपसी समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में एक विशेष सुरक्षा ऑडिट टीम गठित की जाएगी, जिसमें न्यायालय परिसर के नामित प्राधिकारी, अभिसूचना इकाई के अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक शामिल रहेंगे। यह टीम नियमित समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजेगी। इस दौरान एसएसपी नैनीताल ने जनपद की समस्त पुलिस फोर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी-कर्मचारी उच्च सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने दोहराया कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।






